Bihar : बिहार के प्रशासनिक भविष्य को बुधवार नई उड़ान मिली। 70वीं BPSC संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में चयनित 2027 अधिकारियों को CM सम्राट चौधरी ने नियुक्ति पत्र सौंपा। समारोह की शुरुआत सेकंड टॉपर शशांक गौरव को पहला नियुक्ति पत्र देकर हुई। नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सिर्फ नौकरी नहीं, सेवा की जिम्मेदारी है। आपकी हर फाइल पर किया गया साइन किसी परिवार की जिंदगी बदल सकता है। जितने ईमानदार अधिकारी होंगे, उतना मजबूत बिहार बनेगा।”
श्रद्धा पांडेय बनीं टॉपर, 8 पद रह गये खाली
70वीं BPSC परीक्षा में प्रतापगढ़ (UP) की श्रद्धा पांडेय ने 593 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। शशांक गौरव और आयुष विजॉय 592-592 अंक लेकर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। निबंध के अंकों के आधार पर उनकी रैंक तय हुई। कुल 2027 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने से 8 पद रिक्त रह गये।
महिलाओं ने लिखा सफलता का नया अध्याय
इस बार महिलाओं का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। टॉप-100 में 45 महिलायें शामिल रहीं, जबकि कुल चयनित अधिकारियों में करीब 745 महिला अभ्यर्थियों ने जगह बनाई। साथ ही 333 अभ्यर्थी दूसरे राज्यों से चयनित हुये, जो इस परीक्षा की व्यापक प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।















