Ranchi : रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में आज चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का उद्घाटन CM हेमंत सोरेन ने किया। इस अवसर पर झारखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक कला का रंगारंग प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें स्टेडियम का माहौल उत्साह और आनंद से भर गया। CM ने कहा कि लम्बे समय बाद इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी झारखंड को मिली है, जो राज्य के लिये गर्व और सम्मान का अवसर है। इस आयोजन में दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों, भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित होगा।
CM ने यह भी कहा कि झारखंड के युवा खेलों के प्रति उत्साहित और समर्पित हैं। राज्य के खिलाड़ियों ने क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई अन्य खेलों में देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि स्टेडियम में उपस्थित दर्शकों के उत्साह से उन्हें और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा और झारखंड व देश का मान बढ़ायेंगे। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन किया जायेगा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का स्वागत राज्य की संस्कृति और लोक कला के माध्यम से किया गया। खेल के समग्र विकास के लिये राज्य की आधारभूत संरचनाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जायेगा। CM हेमंत सोरेन ने सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और एथलेटिक्स फेडरेशन के प्रयासों की सराहना की और प्रतियोगिता की सफलता के लिये शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर खेल विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, श्वेता सिंह, सुरेश बैठा, सैफ प्रेसिडेंट डॉ. ललित भनोट, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित भारतीय एथलेटिक्स महासंघ अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू और पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया सहित अन्य हस्तियां मौजूद थे।






