Ranchi : दावोस के वैश्विक मंच पर झारखंड की आवाज और सोच दोनों बुलंद दिखीं। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान CM हेमंत सोरेन ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया समूह ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन के साथ विस्तृत संवाद किया। बातचीत का केंद्र झारखंड की दावोस में सहभागिता का उद्देश्य, राज्य की प्राथमिकताएं और अगले 25 वर्षों का दीर्घकालिक विकास विजन रहा। CM ने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है, जो पहली बार दावोस जैसे वैश्विक मंच पर अपने सामर्थ्य, संभावनाओं और स्पष्ट विजन के साथ मौजूद है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब झारखंड की पहचान सिर्फ खनिज-आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रही।
ग्रीन ग्रोथ से ग्लोबल कनेक्ट तक
CM हेमंत सोरेन ने बताया कि राज्य तेजी से ग्रीन इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा, मानव संसाधन विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि के क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है। झारखंड सरकार अगले 25 वर्षों के लिये संतुलित, टिकाऊ और रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल पर काम कर रही है, जिसमें वैश्विक निवेश, तकनीक हस्तांतरण और संस्थागत साझेदारियों की अहम भूमिका होगी। संवाद के दौरान ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की ओर से जानकारी दी गई कि आगामी अक्टूबर माह में भारत में एक ग्लोबल स्पेशल राउंडटेबल का आयोजन किया जायेगा। इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में फॉर्च्यून 500 कंपनियों के प्रमुख, वैश्विक उद्योग जगत के दिग्गज, नीति-निर्माता और न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन ने CM हेमंत सोरेन को इस राउंडटेबल में भाग लेने का औपचारिक आमंत्रण दिया और झारखंड के विकास एजेंडे को वैश्विक नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करने में गहरी रुचि जताई। CM ने इस संवाद को झारखंड की विकास यात्रा और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंचों पर प्रभावी ढंग से रखने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।










