Ranchi : राजधानी रांची में प्रकृति पर्व सरहुल की खुशबू हवा में घुलने लगी है। साल वृक्ष के फूलों के साथ आदिवासी समाज के इस सबसे बड़े पर्व की पूरी तैयारी है। आज CM हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में केंद्रीय सरना समिति, रांची के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 21 मार्च को सिरमटोली स्थित केंद्रीय सरना स्थल पर होने वाले पारंपरिक सरहुल पूजन में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी सिरमटोली सरना स्थल पर प्रकृति, धरती और साल वृक्ष की पूजा के साथ सरहुल का भव्य आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाज के लोग शामिल होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे भी इस पारंपरिक अनुष्ठान में शामिल होकर आदिवासी समाज की आस्था और संस्कृति को सम्मान दें। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के साथ राहुल उरांव, नीमा तिर्की, सुषमा रानी भगत, मुन्ना उरांव, सचिन कच्छप, बबलू उरांव, लक्ष्मी नारायण मुंडा, अमित मुंडा, सुनील टोप्पो, बाबूलाल महली, कमिश्नर मुंडा और विजय कच्छप समेत कई सदस्य मौजूद थे।
इधर, डहूटोली-हातमा सरना पूजा समिति ने भी CM हेमंत सोरेन को 21 मार्च को सरहुल पूजा महोत्सव में शामिल होने का न्योता दिया। आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में सरना पूजा समिति, डहूटोली-हातमा (रांची) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को कल सरहुल पूजा महोत्सव में शामिल होने के लिये आमंत्रण पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सरहुल आदिवासी समाज की आस्था, प्रकृति और परंपरा का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर डहूटोली-हातमा में पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। मुलाकात के दौरान समिति के अध्यक्ष विश्वास उरांव के साथ कमल मुंडा, रोहन कच्छप, आशुतोष गोस्वामी, सुधीर मिंज और बसंत टोप्पो मौजूद थे।












