Ranchi : ED समन से जुड़े मामले में CM हेमंत सोरेन की याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई जस्टिस अनिल कुमार चौधरी की अदालत में हुई, जहां CM ने अपने खिलाफ दर्ज शिकायत वाद पर CGM द्वारा संज्ञान लिये जाने को चुनौती दी है। CM की ओर से इस पूरे मामले को रद्द करने की मांग की गई। CM की तरफ से पैरवी कर रहे अधिवक्ता दीपांकर रॉय ने अदालत में पक्ष रखा। कोर्ट ने केस से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस पर CM के वकीलों ने दस्तावेज दाखिल करने के लिये समय की मांग की। अदालत ने आग्रह स्वीकार किया। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई 15 जनवरी को होगी। यहां याद दिला दें कि बीते 6 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मामले में रांची की विशेष अदालत में पेश हुये थे। उन्होंने एमपी-एमएलए कोर्ट में दो जमानत बॉन्ड, प्रत्येक 7 हजार रुपये के जमा किये थे। उस दिन मुख्यमंत्री के अधिवक्ता प्रदीप चंद्रा ने स्पष्ट किया था, हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार आगे इस केस में मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने की जरूरत नहीं होगी। मामला जमीन से जुड़े प्रकरण का है।
इसे भी पढ़े : एन’काउंटर में ”बलाचौरिया” का गुनाहगार ढेर…





