Ranchi : रांची के पी.पी. कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल में आज 556वां “प्रकाश उत्सव” धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर CM हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने पहुंचकर गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय और राज्यवासियों को गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा की बधाई दी। उन्होंने कहा कि “गुरुनानक जयंती में शामिल होकर हर्ष की अनुभूति होती है। यह पर्व समाज को एक सूत्र में जोड़ने का संदेश देता है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुनानक देव जी के विचार सामाजिक एकता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। CM ने कहा, “गुरुनानक देव जी सिर्फ सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही सशक्त समाज के निर्माण की परिकल्पना साकार हो सकती है। एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ना ही सबसे बड़ी ताकत है।” इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल के प्रेसिडेंट रणजीत सिंह हैप्पी, और गुरुद्वारा मेन रोड, रांची के सचिव गगनदीप सिंह सेठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।







