Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन को लेकर देश और दुनिया में तेजी से चिंतन और मंथन किया जा रहा है। कहीं न कहीं प्राकृतिक व्यवस्थाओं के साथ बड़े पैमाने पर छेड़-छाड़ किया जाना और दोहन होना जलवायु परिवर्तन का मूल कारण है। क्लाइमेट चेंज से मानव जीवन हो या जंगल और पानी में रहने वाले जीव जंतू, या फिर धरती पर पाए जाने वाले अन्य प्राणी हो, सभी प्रभावित होते हैं। मौका था “74वां राज्यव्यापी वन महोत्सव 2023” कार्यक्रम का। यह कार्यक्रम विस अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में झारखंड विधान सभा परिसर में आयोजित की गई थी। सीएम हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि वहां शिरकत करने पहुंचे थे।

जागरूकता से ही आएगा बड़ा बदलाव : सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय में यह जरूरी है कि पर्यावरण संतुलन को लेकर सिर्फ महोत्सव में ही नहीं बल्कि आम जीवन में भी हर एक व्यक्ति को व्यक्तिगत तथा नीतिगत रूप से प्रभावी कदम उठानी चाहिए। सीएम ने इस महोत्सव में उपस्थित सभी लोगों से अपील किया कि वे एक-एक पौधा अपनी ओर से जरूर लगाएं तथा उस पौधे को संरक्षित भी करें। सीएम ने कहा कि जब हम सभी लोग पौधे लगाएंगे, दूसरों को भी पौधा लगाने को लेकर जागरूक करेंगे तब धीरे-धीरे ही सही पर एक बड़ा बदलाव निश्चित रूप से देखने को मिलेगा। सीएम ने कहा कि हम सभी लोग जलवायु परिवर्तन में सुधार के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे तभी पर्यावरण संतुलन में सकारात्मक प्रभाव दिखेगा।

इन्होंने भी लगाये पौधे
इस अवसर पर झारखंड विधान सभा परिसर में विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, सीएम हेमंत सोरेन, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री चम्पई सोरेन, मंत्री जोबा मांझी, मंत्री मिथिलेश ठाकुर, मंत्री बादल पत्रलेख सहित उपस्थित सभी विधायकगण एवं अन्य अतिथियों द्वारा पौधरोपण किया गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग एल खियांग्ते, प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य वरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें : बिहार के 25 जिलों में अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी
इसे भी पढ़ें : Breaking : लालू परिवार पर ED की बड़ी कार्रवाई, देखें क्या है मामला






