Ranchi : रांची के मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू उद्यान में आज इतिहास फिर से जीवंत नजर आया। CM हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने हूल विद्रोह के महानायक वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि झारखंड सिर्फ एक राज्य नहीं, वीरों की धरती है। यहां के आदिवासी-मूलवासी तब से जल, जंगल और जमीन के हक की लड़ाई लड़ते रहे, जब देश आजादी का सपना भी नहीं देख रहा था। सिदो-कान्हू का विद्रोह सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ गूंजा वो बिगुल था, जो आज भी संघर्ष और स्वाभिमान की राह दिखाता है। उन्होंने कहा, यह दिन सिर्फ याद करने का नहीं, बल्कि उस साहस को अपने भीतर उतारने का है, जिसने इतिहास की दिशा बदल दी। आज भी लाखों लोग इन वीर सपूतों को नमन कर गर्व महसूस करते हैं।











