Ranchi : आगामी चुनावों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अब राज्य के हर मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता ही सूचीबद्ध किए जायेंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु और सुव्यवस्थित रह सके। इस निर्णय के चलते राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ेगी और नये बीएलओ व सुपरवाइजरों की नियुक्ति भी की जायेगी।
नजदीकी बूथ पर ही नाम दर्ज होगा
के. रवि कुमार ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त से कहा कि मतदाताओं को उनके नजदीकी मतदान केंद्र पर ही सूचीबद्ध किया जाये। इसके लिए नजरी नक्शा, गूगल अर्थ व्यू और की-मैप तैयार करने का निर्देश भी दिया गया है।
बैठक में दिए गये अहम निर्देश
शनिवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक में सभी जिलों के अधिकारी शामिल हुये। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के लिए ज़िला स्तर पर तैयारी अभी से शुरू की जाये, ताकि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
कौन-कौन रहे मौजूद
बैठक में राज्य भर के ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, और मुख्यालय से उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देवदास दत्ता व अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी ज़िम्मेदार अधिकारी शामिल रहे।








