Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण में बिगहा गांव में आस्था का सागर उमड़ने को तैयार है। अखिल भारत वर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा के बैनर तले श्री श्री 1008 रुद्र पंच दिवसीय महायज्ञ कल यानी 23 फरवरी से शुरू होगा। जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। धर्म और आस्था की इस पावन बेला में पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग चुका है। कल यज्ञ की शुरुआत जलयात्रा, मंडप प्रवेश और अग्नि स्थापना से होगी। 24 से 26 फरवरी तक द्वार पूजा, पंचांग पूजन, संध्या आरती और प्रवचन से भक्तिमय माहौल रहेगा। 27 फरवरी यानी गुरुवार को हवन, पूर्णाहुति, भंडारा और भक्ति जागरण के साथ यज्ञ का समापन होगा। महाशिवरात्रि पर विशेष पूजन भी होगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की विशेष आराधना करेंगे।
भक्तों को यज्ञ में शामिल होने के लिये गांव-गांव खबर भेजी जा रही है। नीलू के नेतृत्व में महिला टीम इस महायज्ञ को भव्य रूप देने के लिए जुटी हुई है। वहीं, समाज के लोग तन, मन, धन से जुटे हैं। यज्ञ की सफलता के लिये महासभा के अध्यक्ष महेंद्र चंद्रवंशी, सचिव करुणा चंद्रवंशी, छत्रधारी चंद्रवंशी, देवधारी चंद्रवंशी, राजेंद्र राम चंद्रवंशी, अशोक राम, लखन चंद्रवंशी सहित चौपारण, इटखोरी, मयूरहंड और बरही के श्रद्धालु पूरे समर्पण भाव से लगे हुये हैं।










