UP : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अगले मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO को लेकर अयोध्या में 16 अभ्यर्थियों के आमने-सामने इंटरव्यू पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक चयन समिति ने ट्रस्ट को तीन नामों का पैनल नहीं सौंपा है। अब निगाहें चयन समिति पर टिकी हैं। खबर है कि समिति अभ्यर्थियों के प्रशासनिक अनुभव, इंटरव्यू में प्रदर्शन और राम मंदिर की भविष्य की व्यवस्थाओं को संभालने की क्षमता के आधार पर तीन नाम तय करेगी। CEO पद के लिये तैयार होने वाला तीन नामों का पैनल चयन समिति ट्रस्ट के महासचिव को सौंपेगी। इसके बाद 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की अहम बैठक में इन नामों पर विचार-विमर्श संभव है। ट्रस्ट के स्थायी सदस्य चर्चा और सहमति के बाद किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लगा सकते हैं। यानी फिलहाल जिन नामों की चर्चा है, उनमें से किसी को भी अंतिम मानना जल्दबाजी होगी।
इन तीन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा
CEO के संभावित पैनल को लेकर तीन नाम प्रमुखता से सामने बताये जा रहे हैं,
- योगेश्वर राम मिश्रः पूर्व आईएएस अधिकारी और अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी।
- दिनेश चंद्रः जौनपुर के पूर्व जिलाधिकारी।
- राजेश पांडेयः पूर्व IPS अधिकारी।
इनमें राजेश पांडेय के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि अंतिम फैसला चयन समिति के पैनल और उसके बाद ट्रस्ट की स्वीकृति पर ही निर्भर करेगा।








