बेड़ो : किसानों की मेहनत से उगाई सब्जियों पर डाका डालने वाले व्यापारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बेड़ो सब्जी मंडी के व्यापारी मो टुटू रज्जाक को सब्जियों के वजन में गड़बड़ी करने के आरोप में पकड़ा है। टेगारिया के किसान विन्नी उरांव अपने खेत में उपजाये 60 किलोग्राम मटर को बेचने के लिए बेड़ो बाजार पहुंचे थे। वहां विन्नी उरांव ने टुटू रज्जाक से 26 रुपये किलोग्राम की दर से मटर का रेट तय किया। इसके बाद टुटू ने अपने स्टॉफ रिजवान उर्फ पप्पू से मटर को इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन पर वजन करने को कहा। जब वजन हुआ तो 60 किलोग्राम मटर सिर्फ 42 किलोग्राम ही दिखा।
इसे भी पढ़ें : जब मांझी ही नाव डुबोए, उसे कौन बचाये… देखिये रिटायरमेंट से एक दिन पहले क्या बोल गये IG सुधीर
इसके बाद विन्नी उरांव हंगामा करने लगा। हंगामा होता देख और भी किसान वहां जमा हो गये। उन्होंने जब जांच की तो पता चला कि व्यापारी रिमोट से इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन को कंट्रोल करता था। जिसके कारण 60 किलो मटर सिर्फ 42 किलो ही दिखा। इस दौरान व्यापारी टुटू रज्जाक मौके से फरार हो गया, लेकिन उसके स्टॉफ रिजवान को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और इसकी सूचना ग्रामीण एसपी को दी। ग्रामीण एसपी के निर्देश पर बेड़ो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रिजवान को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन से वजन में हेराफेरी की जाती थी। पुलिस ने मशीन को भी जब्त कर लिया है।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर के एक होटल में ठहरे 11 विदेशी कोरोना पॉजिटिव, होटल सील




