Ramgarh : रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र में मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 51 लाख रुपये नकद बरामद हुये, जिसने पुलिस और आयकर विभाग दोनों को चौंका दिया। कार रांची से बोकारो जा रही थी। गोला थाने के पास जब पुलिस ने उसे रोका तो कार में सवार दो लोगों ने खुद ही बताया कि उनके पास 51 लाख रुपये कैश हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह पैसा जमीन बिक्री से मिला है, और इसके समर्थन में एक एग्रीमेंट भी दिखाया। मगर, मामला यहीं शांत नहीं हुआ।
जांच में एग्रीमेंट संदिग्ध पाया गया। आयकर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब नोट गिनती मशीन से कैश मिलाया तो रकम की पुष्टि हुई — ₹51 लाख। इसके बाद मामला और पेचीदा हो गया, जब पता चला कि यह रकम बोकारो डीसी ऑफिस के नजारत में कार्यरत कर्मचारी राजकुमार पांडे की बताई जा रही है।
आयकर विभाग के अनुसार, दो लाख से अधिक नकद ले जाना नियमों के खिलाफ है, और इस मामले में इतनी बड़ी रकम का स्रोत साफ नहीं है। जांच जारी है कि यह पैसा आखिर आया कहां से और इसका इस्तेमाल कहां होना था।










