UP : यूपी के बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मोनू मारा गया। मोनू पर 1 अगस्त को ककोड़ के वैर रेलवे स्टेशन पर नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का गंभीर आरोप था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मुठभेड़ गुलावठी थाना क्षेत्र के छपरावत गांव के पास हुई। पुलिस और स्वाट टीम को बदमाशों के इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से मोनू घायल हो गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
दो पुलिसकर्मी भी घायल
मुठभेड़ में स्वाट टीम के एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुये हैं। गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। जैकेट ने दोनों की जान बचा ली। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, दो मैगजीन, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान मोनू का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है। कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप
मोनू पर मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का आरोप था। यह वारदात 1 अगस्त को ककोड़ के वैर रेलवे स्टेशन पर हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। SP दिनेश कुमार सिंह ने मुठभेड़ की जानकारी दी। पुलिस अब मोनू के फरार साथी की तलाश में जुटी है।















