GUMLA : छोटे भाई ने बड़े भाई को टांगी और लाठी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी घटना को अंजाम देकर वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो बताया गया कि बड़ा भाई अक्सर शराब के नशे में अपने माता-पिता और भाइयों से झगड़ा और मारपीट करता रहता था।
गुरुवार की रात भी वह मारपीट कर रहा था। इससे नाराज छोटे भाई ने पहले लाठी से पीटा, फिर टांगी से उसके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद भाई को मृत समझ कर वहां से भाग गया। लगभग डेढ़ घंटे तक बड़ा भाई इलाज के अभाव में तड़पते रहा और आखिर में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मुनेश्वर सदलोहार के रूप में गई है। आरोपी संतोष सदलोहार है। यह घटना गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र के कुलमुंडा कांसीटोली गांव की है।
आरोपी गिरफ्तार, कोविड जांच के बाद भेजा जाएगा जेल
फिलहाल गुमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। घटना स्थल से खून से सनी टांगी और लाठी भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि कोविड जांच के बाद आरोपी को जेल भेज दिया जाएगा।
Read more: ऐसा क्या हुआ जो छोटे भाई के दुल्हन को पटक-पटक कर पीटा…














