Kohramlive : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने कहा कि सबसे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं, लेकिन सबसे महान क्रिकेटर जैक्स कैलिस। ‘बीयर-बायसेप्स’ पॉडकास्ट पर ब्रेट ली ने अपनी पसंद के पीछे की वजह भी बताई। ली के मुताबिक, क्रिकेट इतिहास में अगर सिर्फ बल्लेबाजी की बात हो तो सचिन तेंदुलकर से आगे कोई नहीं। लेकिन जब एक खिलाड़ी की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग, तीनों को एक साथ तौला जाये, तो जैक्स कैलिस का रिकॉर्ड उन्हें सबसे अलग खड़ा करता है। ली ने कैलिस के आंकड़ों को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि आंकड़े झूठ नहीं बोलते। जैक्स कैलिस टेस्ट और वनडे दोनों में 10 हजार से ज्यादा रन और 250 से अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं। टेस्ट क्रिकेट में कैलिस 166 मैच में 13,289 रन, 292 विकेट, 200 कैच, वहीं, वनडे में कैलिस ने 11,579 रन बनाये और 273 विकेट लिये। यही वह ‘ऑल-इन-वन’ खूबी है, जिसने ब्रेट ली की नजर में कैलिस को GOAT बना दिया। ब्रेट ली ने कैलिस को सिर्फ आंकड़ों में नहीं देखा था। दोनों IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये साथ खेल चुके हैं। ली 2011 से 2013 तक केकेआर का हिस्सा रहे और इसी दौरान उन्हें कैलिस की तैयारी और खेल के प्रति उनके अंदाज को करीब से देखने का मौका मिला। ली ने कहा कि मैच से पहले जहां खिलाड़ी तनाव में दिखाई दे सकते हैं, वहीं कैलिस बेहद शांत रहते थे। ली के मुताबिक, बल्लेबाजी के लिये जाने से पहले भी उनकी दिल की धड़कन करीब 30 प्रति मिनट रहती थी।















