Ranchi : त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 के लिए प्रथम चरण के मतदान को लेकर रांची डीसी छवि रंजन पुलिस कप्तान सुरेंद्र झा ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची छवि रंजन ने प्रथम चरण के मतदान के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
जिले में कुल 3631 मतदान केंद्र
डीसी छवि रंजन ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 के लिए जिले में कुल 3631 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम चरण में 648 द्वितीय चरण में 1013, तृतीय चरण में 932 और चतुर्थ चरण में 1038 मतदान केंद्र हैं। प्रथम चरण में कुल मतदान भवनों की संख्या 432 है। जबकि सैडो मतदान केन्द्रों की संख्या 27 है।
13 लाख 91 हजार 645 मतदाता करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल
डीसी छवि रंजन ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 में सभी चार चरणों में कुल 13 लाख 91 हजार 645 मतदाता मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रथम चरण में कुल 2,43,235, दूसरे चरण में 3,94,214, तृतीय चरण में 3,55,776 और चतुर्थ चरण में 3,98,420 मतदाता वोट डालेंगे। प्रथम चरण में 2,592 मतदान कर्मी और 5,333 सुरक्षाकर्मी लगाए जाएंगे।
प्रथम चरण में कुल 888 प्रत्याशी चुनावी मैदान में
डीसी छवि रंजन ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 में प्रथम चरण के में कुल 888 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रथम चरण के लिए कुल 1398 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। जिनमें 54 अभ्यर्थियों का नामांकन अस्वीकृत किया गया जबकि 22 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस लिये। प्रथम चरण में कुल 433 प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन किया गया है।
किस पद के लिए कितने प्रत्याशी
प्रथम चरण के मतदान में मुखिया पद के लिए 251, वार्ड सदस्य के लिए 423, पंचायत समिति सदस्य के लिए 171 और जिला परिषद सदस्य के लिए 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त द्वारा मतपत्र के रंगों की भी जानकारी दी गई। उपायुक्त ने बताया कि वार्ड सदस्य के लिए सफेद, मुखिया के लिए गुलाबी, पंचायत समिति सदस्य के लिए हरा और जिला परिषद सदस्य के लिए पीले रंग कई मतपत्र का उपयोग किया जाएगा।
12 से 15 मई 2022 तक ड्राई डे
पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर रांची जिला के सभी 18 प्रखंडों में 4 दिनों तक ड्राई डे रहेगा। मतलब कि इन चार दिनों में शराब नहीं मिलेगी। इस संबंध में डीसी छवि रंजन ने कहा कि चुनाव को लेकर 12 मई 2022 के अपराह्न 03:00 बजे से लेकर 15 मई 2022 के पूर्वाह्न 07:00 बजे तक ड्राई डे रहेगा। इस दौरान जहां-जहां चुनाव आचार संहिता लागू है उन क्षेत्रों में क्षेत्रों में शराब की बिक्री नहीं होगी। दी गयी अवधी के बाद शराब की दुकानें पहले की तरह खोल दी जाएगी।
175 लाइसेंसी हथियार कराए गये जमा
वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी सुरेन्द्र झा ने बाताया कि चुनाव के दौरान लाइसेंसी हथियार भी जमा कराये जा रहे हैं। उन्होंनें बताया कि अब तक 175 लाइसेंसी हथियार जमा कराये गये हैं। विभिन्न मामलों को लेकर 1000 लोगों को नोटिस किया गया है, 11 स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाई जा रही है और नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान के दौरान क्यूआरटी और विशेष बल को भी तैनात किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 4 टियर सिक्योरिटी सिस्टम को लागू किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : गर्भवती पत्नी के लिए गोलगप्पा लेकर पहुंचे पति के उड़े होश, जो कुछ देखा…












