Bihar : महीनों से आंखों में नौकरी का सपना और हाथों में तैयारी की किताब लिये बैठे शिक्षक अभ्यर्थियों के इंतजार की घड़ी आखिर खत्म हो गयी। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने मंगलवार यानी 18 अगस्त को चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिये राज्य में कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। नोटिफिकेशन आते ही लंबे समय से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के चेहरों पर भी राहत की चमक दिखाई दी। अब इंतजार की जगह तैयारी और तेज करने की बारी है।
किस कक्षा में कितने पद?
TRE-4 में सबसे ज्यादा बहाली कक्षा 11 से 12 के लिये होगी। पदों का पूरा ब्योरा इस तरह है—
कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
कुल: 32,388 पद
1 सितंबर से खुलेगा आवेदन का दरवाजा
BPSC के नोटिफिकेशन के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 29 सितंबर तथा ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले BPSC की वेबसाइट पर जरूरी निर्देश और पात्रता शर्तें ध्यान से पढ़ लेने की सलाह है।
अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच आया नोटिफिकेशन
TRE-4 के विज्ञापन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से आवाज उठा रहे थे। मंगलवार को भी छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थी पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पर आंदोलन कर रहे थे। उनकी मांग सिर्फ TRE-4 तक सीमित नहीं थी। अभ्यर्थी BSSC परीक्षा की तारीख, लाइब्रेरियन बहाली, BTET, दरोगा और सिपाही भर्ती समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की भी मांग उठा रहे हैं। ऐसे में मंगलवार की शाम BPSC का नोटिफिकेशन आना आंदोलनरत अभ्यर्थियों के लिये बड़ी खबर बनकर आया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही TRE-4 को लेकर जानकारी साझा कर चुके थे। उन्होंने कहा था कि शिक्षा विभाग की ओर से BPSC को शिक्षकों की बहाली के लिये अधियाचना भेजी गयी है।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर देने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिये काम कर रही है। इस भर्ती से एक तरफ हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का मौका मिलेगा, तो दूसरी तरफ स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।








