Deoghar : बिहार में पदस्थापित BDO राकेश कुमार चौधरी का शव देवघर के बम-बम बाबा पथ पर एक महिला शिक्षक के घर के बाहर मिला। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका है, लेकिन मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, अब तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस की PCR टीम ने राकेश चौधरी को गंभीर हालत में सड़क किनारे देखा और तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा और मामले ने नया मोड़ ले लिया।
पत्नी के आरोपों से गहराया रहस्य
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि एक महिला शिक्षक बीते कुछ समय से उनके पति के संपर्क में थी। उनका आरोप है कि महिला ने राकेश चौधरी को झांसे में लेकर आर्थिक ठगी की थी। पत्नी का दावा है कि शुक्रवार को भी उनके पति उसी महिला के घर गये थे और कुछ देर बाद उनका शव घर के बाहर मिला। यही वजह है कि पुलिस अब सिर्फ संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि मृतक के अंतिम घंटों की हर गतिविधि खंगाल रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
राकेश कुमार चौधरी देवघर के मोहनपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। उनकी पत्नी और भाई दोनों सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। पुलिस कॉल रिकॉर्ड, घटनास्थल और मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है। SDPO कुलदीप कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आयेगी। मामले की जांच जारी है।








