सीएम हेमंत सोरेन ने आज दुमका को कई सौगातें दी
सीएम हेमंत सोरेन ने आज दुमका को कई सौगातें दी। आधुनिक सुविधाओं से लैस कन्वेंशन सेंटर जिले के लोगों के हवाले कर दिया। सीएम ने 10 अरब 95 करोड़ 60 लाख 57 हज़ार 890 रुपए की लागत से 110 योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास किया। वहीं, कल्याणकारी योजनाओं के 88 हजार 777 लाभुकों के बीच 1 अरब 59 करोड़ 37 लाख 77 हज़ार 231 रुपए की परिसंपत्तियां बांटी। सीएम ने 103 कैंडिडेट्स को अपॉइंटमेंट लेटर भी सौंपा। मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार की योजनाएं धरातल पर उतरे। योजनाएं समय पर पूरी हो, इसके लिए उसकी लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है। कन्वेंशन सेंटर से दुमका को एक नई और अलग पहचान मिलेगी। सीएम ने व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने का निर्देश दिया।

रांची पुलिस की तीसरी आंख को डैमेज करने की कोशिश की गई
रांची पुलिस की तीसरी आंख को डैमेज करने की कोशिश की गई है। राजधानी के विभिन्न चौक चौराहों में लगाये गये कई सरकारी सीसीटीवी कैमरों की बैटरियां चुरा ली गई। बीते एक महीने से बैटरी चोरी हो रही थी। 21 जनवरी को रांची के 6 जगहों से एक साथ बैटरियों को उड़ा लिया गया। HEC कॉम्पलेक्स, धुर्वा गोलचक्कर के पास JEDCL, जेवीएम कार्यालय, सहजानंद चौक के पीछे सीसीआर, कार्तिक उरांव चौक के पास और मुक्ति गैस एजेंसी के पास से कुल 18 बैटरियां चुरा ली गई। अरगोड़ा पुलिस ने वारदात को अंजाम देने में शामिल आकिब खान और आशीष कुमार सिंह को दबोच लिया। दोनों स्मार्ट सिटी में कैमरा मेंटेनेंस करने वाली कंपनी में काम करते हैं। आशीष सिंह ईंजीनियर और आकिब खान मैनेजर के पद पर पोस्टेड है।

तिलकेश्वर गोप के पकड़े जाने की खबर
PLFI के कुख्यात और हार्डकोर उग्रवादी राजेश गोप उर्फ तिलकेश्वर गोप के पकड़े जाने की खबर है। हालांकि अब तक किसी भी छोटे-बड़े पुलिस अधिकारी ने उसके पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं PLFI के सुप्रीमो दिनेश गोप ने एक प्रेस बयान जारी कर दावा किया है कि राजेश गोप पकड़ा गया है। आशंका जताई जा रही है कि कल तक राजेश गोप का लोकेशन पश्चिम सिंहभूम इलाके में था। सूत्रों के अनुसार राजेश गोप, दिनेश गोप का दाहिना हाथ माना जाता है। उसकी गिरफ़्तारी पुलिस की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। आशंका है कि उसके पकड़े जाने से संगठन को एक तगड़ा झटका लगा है। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता राजेश गोप ने एक दिन पहले ही प्रेस बयान जारी कर कहा था कि रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में पुलिस एनकाउंटर में मारे गये विशाल शर्मा का PLFI से कोई ताल्लुकात नहीं था।

एक जवान IED ब्लास्ट का शिकार हो गया
आज फिर एक जवान IED ब्लास्ट का शिकार हो गया। आनन-फानन में जख्मी जवान इंसार अली को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। यह ब्लास्ट चाईबासा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंजनबेड़ा गांव में हुआ। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में नक्सली कोल्हान में मौजूद है। मिली सूचना पर एक्टिव हुई पुलिस ने भोरे-भोर उक्त जगह पर धावा बोला। नक्सलियों ने यहां टारगेट कर IED बम बिछा रखे थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान ही IED ब्लास्ट हुआ। जिसकी चपेट में आने से CRPF197 BN के SI इंसार अली बुरी तरह जख्मी हो गये। वहीं सर्च ऑपरेशन के दौरान एक जिंदा पाईप बम IED बरामद किया गया है। यहां याद दिला दें कि कल भी एक ग्रामीण IED की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गया था। कल यह ब्लास्ट गोइलकेरा प्रखंड के कुरकुटिया गांव के पास हुआ था।

सीएम हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शपथ दिलायी
सीएम हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में काम कर रहे सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष और निर्भीक मतदान करने का संदेश दिया। शपथ कार्यक्रम में संयुक्त सचिव राजीव रंजन, प्रधान आप्त सचिव रामदेव शर्मा, आप्त सचिव रमेश प्रसाद सहित सभी पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

कोयला और बालू माफियाओं को तीखी चोट
हजारीबाग में कोयला और बालू माफियाओं को तीखी चोट दी गई। डीसी नैसी सहाय के निर्देश पर खान निरीक्षक सुनिल कुमार ने टीम बनाकर ताबड़तोड़ छापेमारी की। छापेमारी बीती रात बरही और चौपारण के इलाकों में की गई। टीम में कई थानों की पुलिस को शामिल किया गया था। रेड में कुल 14 गाड़ियों को जब्त किया गया। जब्त गाड़ियों में 9 गाड़ी अवैध कोयला, 4 गाड़ी अवैध गिट्टी और एक गाड़ी अवैध बालू शामिल है। वहीं, 6 लोगों को अरेस्ट किया गया। गिरफ्तार लोगों में 4 बिहार और 2 झारखंड के रहने वाले हैं। खान इंस्पेक्टर सुनिल कुमार ने बताया कि बरही और चौपारण थाना में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, हज़ारीबाग के जिला खनन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि माफियाओं को जड़ से उखाड़ फेंकने के सरकार के आदेश के बाद से विभाग रेस है। चाहे कोई भी हो, अवैध खनन और तस्करी करनेवालों को बख्सा नहीं जाएगा।

आपसी रंजिश का नतीजा है कोयला कारोबारी मनोज यादव मारा जाना
अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व और आपसी रंजिश का नतीजा है कोयला कारोबारी मनोज यादव मारा जाना। इस बात का खुलासा आज धनबाद पुलिस कप्तान संजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर किया। मामले में दो महिला समेत 7 संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कप्तान ने मीडिया को बताया कि मनोज यादव को स्पॉट पर बुलाने के लिए उसकी जान पहचान की महिलाएं जहां आरा और सारा को लगाया गया था। मां-बेटी के बुलाने पर मनोज यादव वहां पहुंचा। वहां शूटर मोलू ऊर्फ प्रकाश यादव और गौतम कुमार पहले से घात लगाये बैठा था। मनोज के पहुंचते ही उसे गोली मार दी गई थी। उस समय गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर मेजर ने इस घटना की जिम्मेदारी ली थी। जांच में यह बातें सामने आई कि इस मामले में गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग का कोई हाथ नहीं। इस घटना को अंजाम देने के लिए कतरास का रहने वाला मोलू ऊर्फ प्रकाश यादव और गौतम कुमार को हायर किया गया था। काम करने के एवज में दोनों को एक-एक लाख रुपये दिए गए थे। यहां याद दिला दें कि 22 जनवरी को कोयला कारोबारी मनोज कुमार की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी
एक निजी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश उनका बैग और बाइक लेकर फरार हो गये। यह दुस्साहसिक वारदात बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के रेलवे ओवर ब्रिज पर हुई। घटना की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में प्रथम दृष्ट्या जो बातें आमने आई उसके अनुसार फाइनेंस कंपनी में काम करने वाला पिंटू कुमार बाइक से लोन की रिकवरी करने निकला था। रास्ते में रेलवे ओवर ब्रिज पर पहले से घात लगाये बाइक सवार अपराधियों ने रोककर उसे गोली मार दी। पिंटू जमुई का रहनेवाला था। हत्या किसने और क्यों की इसका खुलासा पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है।

इंडिया और न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम रांची पहुंच चुकी
इंडिया और न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम रांची पहुंच चुकी है। इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले T20 सीरीज का पहला मुकाबला JSCA स्टेडियम में 27 जनवरी को खेला जाएगा। होटल रेडिशन ब्लू में खिलाड़ियों के ठहरने का इंतजाम किया गया है। खिलाड़ियों के आगमन को लेकर रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जेएससीए के अधिकारी उन्हें रिसीव करने के लिए मौजूद थे। वहीं क्रिकेटरों की एक झलक पाने की चाह में भारी संख्या में फैंस भी एयरपोर्ट पहुंचे थे। दोनों टीमों के खिलाड़ी बस में बैठकर होटल रेडिशन ब्लू पहुंचे। इस दौरान रास्ते भर में प्रशंसकों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया। दोनों टीम होटल रेडिशन ब्लू में आज आराम करेंगे। 26 जनवरी को दोनों टीम जेएससीए स्टेडियम में प्रैक्टिस करेंगी और 27 को मुकाबला होगा।









