Bihar : दुर्गापूजा के समापन के बाद, दीपों के पर्व दीवाली और आस्था की लहर छठ महापर्व के बीच, बिहार के CM नीतीश कुमार ने जनता के द्वार पर सौगातों का खजाना खोल दिया है। चुनावी माहौल और आचार संहिता की आहट से पहले, राजधानी पटना में हुई कैबिनेट बैठक ने बिहारवासियों को उम्मीदों का नया दीप जलाने का वादा किया है। CM नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 129 एजेंडों को मंजूरी मिली। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पुलिस, शहरी विकास और सामाजिक सुरक्षा—हर क्षेत्र को नई ऊर्जा मिली है।
बच्चों के चेहरे पर मुस्कान
पहली से दसवीं तक पढ़ने वाले बच्चों की छात्रवृत्ति दोगुनी कर दी गई। अब कक्षा 1 से 4 तक के बच्चों को ₹1200, 5 से 6 तक ₹2400, 9वीं-10वीं के छात्रों को ₹3600 वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी। सरकारी स्कूलों में 40 नये कंप्यूटर ऑपरेटर और 40 बटलरूम ऑपरेटर की नियुक्ति होगी। वहीं, बिहार फिल्म एवं नाट्य संस्थान की स्थापना होगी, जिससे बिहार की कला और रंगमंच को नई उड़ान मिलेगी। कृषि विभाग में 218 नये पदों का सृजन होगा। फसल बीमा, बीज वितरण और गेहूं-धान उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। राष्ट्रीय बागवानी मिशन और प्रधानमंत्री कृषि विकास योजना के तहत कई परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। गंडक कमांड एरिया और सिंचाई योजनाओं में भारी निवेश होगा।
सड़कें बनेंगी बिहार की जीवन रेखा
12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क चौड़ीकरण और नई सड़कों का निर्माण होगा। कई पुल और बाइपास को मंजूरी मिली। चौपालों से लेकर शहरों तक, अब सफर और भी आसान होगा। कई जिलों में नये अस्पताल और मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। MBBS और PG डॉक्टरों के लिये 3 साल की अनिवार्य सेवा होगी। मिशन निरोगी बिहार’ और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत टीकाकरण अभियान को और मजबूती मिलेगी। पटना समेत कई नगर निकायों का क्षेत्र विस्तार होगा। गंगा जल आपूर्ति, स्मार्ट सिटी और सीवरेज प्लांट के लिये करोड़ों की मंजूरी दी गई। पटना मेट्रो प्रोजेक्ट को मिला अतिरिक्त धन। STF मुख्यालय भवन और पुलिस बल में नई भर्तियों को हरी झंडी मिली। पर्यावरण और वन विभाग में 1491 अतिरिक्त पदों की मंजूरी मिली। नौ नये वन प्रमंडल का गठन होगा। संजय गांधी जैविक उद्यान और राष्ट्रीय डॉल्फिन शोध केंद्र के लिये नए पद सृजन होंगे। वन प्रमंडलों के पुनर्गठन से हरियाली को नई ताकत मिलेगी।
सामाजिक सुरक्षा और नई पहल
विधवा पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार होगा। पिछड़ा, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति राशि बढ़ाई गई। पटना में पावर म्यूजियम और बांकीपुर बस स्टैंड पर पांच सितारा होटल की योजना। पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास के लिये विशेष एजेंसियों की नियुक्ति होगी।










