Ranchi : झारखंड की सियासत और सिस्टम को हिला देने वाले कथित ED–मारपीट विवाद में शुक्रवार को हाईकोर्ट से ऐसा आदेश आया, जिसने पूरी जांच की दिशा ही बदल दी। झारखंड हाईकोर्ट ने रांची पुलिस की जांच पर तत्काल रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति संजय कुमार द्विवेदी की खंडपीठ ने ED की क्रिमिनल रिट याचिका पर सुनवाई करते हुये साफ कहा कि जब तक कोर्ट का अगला आदेश नहीं, रांची पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी। हाईकोर्ट ने ED कार्यालय में कथित मारपीट मामले में रांची पुलिस की सक्रियता पर नाराजगी जताई और जांच पर पूर्ण ब्रेक लगा दिया। वहीं कोर्ट ने आदेश दिया कि राज्य सरकार 7 दिनों के भीतर जवाब दे। निजी प्रतिवादी संतोष कुमार 10 दिनों में जवाब दाखिल करे। केंद्रीय गृह सचिव को भी मामले में पक्षकार बनाया गया। यही नहीं, ED की ओर से की गई CBI जांच की मांग पर भी कोर्ट ने विचार करने के संकेत दे दिये हैं। कोर्ट ने साफ निर्देश दिया कि अब ED के रांची कार्यालय की सुरक्षा CISF या CRPF संभालेगी। सुरक्षा की निगरानी रांची SSP करेंगे। अगली सुनवाई 09 फरवरी को होगी।








