Ranchi(Ranjeet) : रांची के कांटा टोली रविदास मोहल्ला में अंबेडकर यूथ क्लब ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर एक ऐतिहासिक मोटरसाइकिल रैली निकाली। हवा में उमंग थी, आकाश में जोश, और सड़कें बाबा साहेब के नारों से गूंज रही थीं। रैली के बाद, हर दिल में एक ही आवाज थी, अधिकार चाहिये, सम्मान चाहिये। रैली के बाद कई वक्ताओं ने एक सख्त सवाल उठाया, क्या दलित समाज को उनके हक मिल पाये हैं? वक्ताओं ने कहा कि वह समाज जिसे अतीत में अपमान और तिरस्कार झेलना पड़ा, अब भी अपने अधिकारों के लिये संघर्ष कर रहा है। यह चिंता का विषय है कि झारखंड में दलित समाज के भले के लिये बना आयोग तक बंद पड़ा है, और इस पर किसी का ध्यान नहीं। सभा में बाबा साहेब के विचारों को गूंजते हुये हर एक ने उनके आदर्शों को अपनाने और उनकी नीतियों पर चलने का संकल्प लिया। संघर्ष, आवाज, और अधिकार। यह रैली सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं था, यह एक चेतावनी थी कि अब सिस्टम से हक मिलना चाहिये।








