Ranchi : चुनाव के नजदीक आते ही कमर में नाजायज हथियार खोंस कर और गाड़ी-बाइक में लेकर चलने वाले बिगड़ैल लोगों के बारे में रांची पुलिस को खुफिया जानकारी धीरे-धीरे मिलने लगी है। पुलिस ने जहां-तहां एनटी क्राइम चेकिंग चलानी शुरू कर दी है। चुनाव की तैयारी को लेकर आज रांची प्रक्षेत्र के IG अखिलेश झा ने भी पुलिस अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग की। मीटिंग में पुलिस अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिये गये। हर हालत में चुनाव पीसफुल कराने पर जोर दिया गया।
रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने आज मीडिया को बताया कि सोनाहातू के थानेदार को गुप्त सूचना मिली थी कि काले-ब्लू रंग की एक बाइक में एक शख्स अवैध हथियार लेकर बुंडू से सोनाहातू जा रहा है। थानेदार चंदन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने बड़साडीह गांव के पास एनटी क्राइम चेकिंग लगा दी। कुछ ही देर बाद बिना नंबर की एक बाइक पर आता शख्स पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस ने खदेड़ कर उसे धर लिया। उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद की गई। उसकी हीरो स्पेलेंडर प्लस बाइक को भी जब्त कर लिया गया। उसका नाम जीतलाल महली है। वह बुंडू थाना क्षेत्र के गोसाईडीह गांव का रहनेवाला है।
पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने मीडिया को बताया कि ओरमांझी पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुये एक काले रंग की फोर्ड कार (JHO1CF6699) में सवार दो शख्स जितेश कुमार एवं संतोष पाठक को अरेस्ट किया है। इनके पास से एक उम्दा किस्म के पिस्टल, दो जिंदा गोलियां एवं 2 मोबाइल, एक GPS एवं नगद 11 हजार 600 रुपये मिले। गिरफ्तार जितेश पटना के खगोल का रहनेवाला है, वहीं वर्तमान में रांची के BIT मेसरा ओपी के गौतम सिटी में रहता था। वहीं संतोष भी इसी ओपी क्षेत्र में रहता है। जब्त पिस्टल में MAID IN USA लिखा हुआ है। दोनों दागी किस्म के युवक है। दोनों के खिलाफ रांची के सदर एवं ओरमांझी थाने में कई केस दर्ज है।
वहीं कांके पुलिस ने जोड़ा पुल के पास एनटी क्राइम चेकिंग लगा कर स्कूटी सवार मो. वसीम उर्फ राजा के अरेस्ट किया। उसके पास से 11 बोतल Onerex Syrup, 300 ग्राम गांजा, एक देशी पिस्तौल एवं तीन जिंदा गोलियां बरामद की गई। स्कूटी (JHO1CL6251) जब्त कर ली गई। यह छापामारी DSP मुख्यालय अमर कुमार पांडेय एवं कांके थानेदार केके साहू के नेतृत्व में की गई।
साधुओं की वेष में ठगने वाला धराया
साधुओं की वेष में लगातार लोगों को ठगने की मिल रही खबर के बाद जागी रांची पुलिस ने चुटिया के निवारणपुर में यमुना अपार्टमेंट में रहनेवाली श्वेता सिन्हा को ठगने की कोशिश कर रहे दो कथित साधु सागर और रविन नाथ को रंगे हाथ धर लिया गया। गिरफ्तार सागर हरियाणा के सोनीपत के आरके कॉलोनी का रहनेवाला है, वहीं रविन नाथ दिल्ली के नजफगढ़ साउथ वेस्ट के जफरपुर का रहनेवाला है। ये दोनों खादगड़ा बस स्टैंड के नजदीक राज होटल एण्ड लॉज में ठहरे थे। पर्व त्योहार में लोगों को ठगने यहां चले आते हैं। इनके ठिकाने से सोने जैसे दिखने वाली दो अंगूठी नकद 2 हजार 650 रुपये बरामद किये गये।












