सरकार को बदनाम करने के प्रयास को नहीं करेंगे बर्दाश्त : इरफान अंसारी
रांची : हेमंत सोरेन सरकार को कुछ अधिकारी एवं भितरघात करने वाले लोग द्वारा बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रांची के रिनपास में आउटसोर्सिंग के लिए निविदा निकाला गया है। जिससे यहां कार्य कर रहे सैनिटेशन वर्कर्स की नौकरी खतरे में पड़ गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने उक्त बातें कही। विधायक ने ऐसे अफसरों एवं लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से बाज आएं। विभाग के कई पदाधिकारी साजिश के तहत पूर्व में कार्य कर रहे सभी वर्कर्स को हटाने के लिए नए सिरे से टेंडर कर दिए हैं। जिससे संस्थान में सैनिटेशन सेवा दे रहे स्थानीय आदिवासी अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों में बेरोजगार होने का भय व्याप्त है। पदाधिकारियों द्वारा मोटी रकम लेकर उनकी जगह बाहरी लोगों को भरने का षड्यंत्र किया जा रहा है।
आगे विधायक ने कहा कि कोविड-19 की आरंभिक दौर में जब भय का माहौल था, तब रिनपास कांके कि आउटसोर्सिंग सैनिटेशन वर्कर्स ने कोरना सेंटर में दिन-रात अपनी सेवा दी। उनमें कई कोरोना पॉजिटिव हुए। अभी तक सैनिटेशन कर्मी कोरोना काल के संकट से पूरी तरह उबर कर संभाल भी नहीं पाए हैं और ऐसे में पैसे का खेल कर कुछ पदाधिकारी नए सिरे से आउटसोर्सिंग का टेंडर का खेल खेल रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव से जनहित में इस टेंडर को अविलंब रोकने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस संबंध में उचित कार्रवाई करने की बात कही है।












