Kohramlive : चाय की प्याली हो और साथ में कुरकुरे बिस्किट तो शाम का स्वाद ही बदल जाता है। लेकिन दिक्कत तब होती है जब पैकेट खुलने के बाद कुछ बिस्किट बच जायें। अगले दिन वही बिस्किट हाथ में आते हैं तो कुरकुरापन गायब और नमी का असर साफ नजर आता है। खासकर बारिश और उमस वाले मौसम में यह परेशानी और बढ़ जाती है। लेकिन अब इसके लिये आपको कोई खास कंटेनर या महंगा सामान खरीदने की जरूरत नहीं। आपके किचन में रखा चावल ही इस काम में मदद कर सकता है।
चावल से ऐसे बचायें बिस्किट को सीलने से
इस आसान घरेलू तरीके को मास्टरशेफ पंकज भदौरिया भी शेयर कर चुकी हैं। इसके लिये आपको सिर्फ दो चीजों की जरूरत होगी, एक साफ-सूखा एयरटाइट डिब्बा और थोड़े से सूखे चावल। तरीका बेहद आसान है, सबसे पहले एक साफ और पूरी तरह सूखा एयरटाइट कंटेनर लें। कंटेनर के नीचे थोड़े से सूखे चावल की पतली परत बिछा दें। अब इसके ऊपर बिस्किट रखें। ढक्कन को अच्छी तरह बंद कर दें, ताकि बाहर की नमी अंदर न जा सके। चावल कंटेनर के अंदर मौजूद कुछ नमी को सोखने में मदद कर सकते हैं, जिससे बिस्किट जल्दी नरम नहीं पड़ते। यानी बिस्किट भी कुरकुरे और चाय का मजा भी बरकरार।
क्यों काम करता है चावल वाला ये जुगाड़?
बारिश और उमस के दौरान हवा में नमी ज्यादा होती है। यही नमी बिस्किट की कुरकुरी बनावट को प्रभावित कर सकती है। एयरटाइट डिब्बा बाहर की नमी को अंदर आने से रोकने में मदद करता है, जबकि सूखे चावल मौजूद नमी को सोखने में कुछ मदद कर सकते हैं। हालांकि, यह कोई जादुई तरीका नहीं है। बिस्किट को लंबे समय तक अच्छा रखने के लिये उन्हें नमी से बचाना और डिब्बे को ठीक से बंद रखना सबसे जरूरी है। इस घरेलू ट्रिक का फायदा तभी मिलेगा, जब कुछ सावधानियां भी बरती जायें। जैसे, चावल बिल्कुल साफ और सूखे होने चाहिये। चावल में नमी, गंदगी या कीड़े नहीं होने चाहिये। बिस्किट रखने वाला डिब्बा पहले अच्छी तरह साफ करें। कंटेनर को धोने के बाद पूरी तरह सुखाकर ही इस्तेमाल करें। डिब्बे में जरा भी नमी रह गई तो बिस्किट जल्दी नरम पड़ सकते हैं। हर बार बिस्किट निकालने के बाद ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें।







