Bihar : बिहार के चुनावी रण में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एंट्री जोरदार रही। रोहतास और बेगूसराय में NDA कार्यकर्ताओं को गरजते हुये उन्होंने विपक्ष पर तीखे हमले किये और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। शाह ने दावा किया कि इस बार बिहार में NDA इतने प्रचंड बहुमत से सरकार बनायेगी कि अगली बार तेजस्वी यादव चुनाव लड़ने की हिम्मत भी नहीं जुटा पायेंगे। डेहरी में कार्यकर्ता संवाद के दौरान शाह बोले, “दूसरी पार्टियों में नेता चुनाव जिताते हैं, लेकिन भाजपा में कार्यकर्ता ही असली योद्धा होता है।” उन्होंने खुद को बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय करने वाला बताया और कहा कि यही भाजपा की ताकत है। शाह ने लालू, राबड़ी और तेजस्वी पर निशाना साधते हुये कहा कि इन्होंने 20 साल बिहार को लूटा, अब विकास सिर्फ मोदी की अगुवाई वाली NDA सरकार ही कर सकती है। राहुल गांधी की ‘भारत यात्रा’ को उन्होंने “घुसपैठिया बचाव यात्रा” बताया और पूछा, “क्या घुसपैठियों को राशन, नौकरी और इलाज मिलना चाहिए?” अमित शाह ने मोदी सरकार की योजनाएं गिनाते हुये कहा कि गरीबों को राशन, महिलाओं को उज्ज्वला, हर घर नल से जल, आयुष्मान योजना और “लखपति दीदी” जैसी योजनाओं ने गांव-गांव में परिवर्तन किया है।
धारा 370, राम मंदिर, सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुये उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाना, अयोध्या में राम मंदिर, और पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक जैसे फैसलों को मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया। बेगूसराय में बोले शाह “इस बार ऐसी जीत मिलेगी कि विपक्ष को उबरने में दशक लग जाएगा। तेजस्वी यादव अगली बार मैदान में उतरने से पहले सोचेंगे सौ बार।”












