Ranchi : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 और 23 अगस्त को द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर लगाया जायेगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। DC मंजूनाथ भजंत्री ने पात्र नागरिकों से अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरने की अपील की है। फॉर्म-6 उन भारतीय नागरिकों के लिये है, जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष हो जायेगी और वे संबंधित क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं। इसके माध्यम से मतदाता सूची में नया नाम जोड़ा जायेगा। फॉर्म-8 उन परिवारों के लिए है, जिनके सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं। इस फॉर्म के जरिये सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर स्थानांतरित कराया जा सकता है। मतदाता चाहें तो ECINET ऐप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फॉर्म-6 और फॉर्म-8 ऑनलाइन भर सकते हैं। जिला प्रशासन ने इसे अंतिम विशेष अवसर बताते हुये सभी पात्र नागरिकों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।








