Dumka : दुमका में एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। मसलिया थाना क्षेत्र के बसमत्ता गांव में राखीशल बेसरा (47) नामक शख्स ने अपनी पत्नी बितनी हांसदा (35) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, गांव में काली पूजा का मेला लगा था। राखीशल ने पत्नी से कहा कि वह उसके साथ मेला चले, लेकिन बितनी ने नशे में होने के कारण मना कर दिया। इसी बात पर राखीशल आगबबूला हो गया और गुस्से में घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, राखीशल पहले भी अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। उसने लगभग 9 साल दुमका केंद्रीय कारा में सजा काटी और कुछ ही दिन पहले जेल से बाहर आया था। घर लौटने के कुछ ही दिनों में उसने फिर से वही खौफनाक अपराध दोहरा दिया।
गांव से ही गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद
हत्या के बाद आरोपी गांव में ही एक जगह छिप गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। मसलिया थानेदार राजीव रंजन ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है, और आरोपी से पूछताछ जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने बताया कि राखीशल का स्वभाव हिंसक था और शराब के नशे में वह अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था।








