Ranchi : अधिवक्ता परिषद झारखंड द्वारा 12 और 13 जुलाई को रांची के मोती गली, रातू रोड स्थित श्री हनुमान बख्श पोदार भवन में दो दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभ्यास वर्ग में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 200 से अधिक अधिवक्ता भाग लेंगे। इस अवसर पर परिषद के राष्ट्रीय मंत्री व झारखंड प्रभारी चरण सिंह त्यागी, राष्ट्रीय मंत्री विक्रम दूबे तथा क्षेत्रीय संयोजक सुनील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर परिषद ने विभिन्न कार्यों के लिए 18 समितियां गठित की हैं। इनमें निबंधन, भोजन, मंच प्रबंधन, छपाई, आमंत्रण, आवास, स्वच्छता, यातायात, मीडिया, वित्त, किट वितरण, न्यायप्रवाह सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग संयोजकों और सदस्यों को सौंपी गई है। अभ्यास वर्ग के संयोजक झारखंड बार काउंसिल के चेयरमैन राजेन्द्र कृष्ण, सह-संयोजक प्रशांत कुमार सिंह, प्रांतीय अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार मिश्र एवं महामंत्री विजयनाथ कुंवर सहित वरिष्ठ अधिवक्ता पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हुये हैं।
परिषद के मीडिया सह प्रमुख रीतेश कुमार बॉबी ने बताया कि यह अभ्यास वर्ग न केवल अधिवक्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक सशक्तिकरण का मंच बनेगा, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में अधिवक्ताओं की प्रभावी भूमिका को भी नई दिशा देगा। झारखंड में अधिवक्ता परिषद की सक्रियता और संगठनात्मक विस्तार को देखते हुये यह अभ्यास वर्ग परिषद के आगामी कार्यक्रमों की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है।








