Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के कांडी प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, सुंडीपुर के खेल मैदान पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुये SDO संजय कुमार खुद गांव पहुंच गये। 210 ग्रामीणों के हस्ताक्षरित आवेदन और जनप्रतिनिधियों की मांग पर स्थलीय निरीक्षण किया गया। SDO ने पूरे मामले की जानकारी लेते हुये कहा कि “जनता की भावना का सम्मान प्रशासन की प्राथमिकता है। जब पूरा गांव एक स्वर में मैदान को अतिक्रमण मुक्त देखना चाहता है, तो प्रशासन कैसे चुप बैठ सकता है?” उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। जरूरत पड़ी तो पुलिस बल व दंडाधिकारी की तैनाती होगी। जनता की उम्मीदें टूटने नहीं दी जायेगी।
मौके पर मुखिया प्रतिनिधि नीरज सिंह, पंचायत समिति प्रतिनिधि करण शर्मा, वार्ड सदस्य बैजनाथ मिस्त्री, महेंद्र प्रजापति, सुरेंद्र चौधरी, रामेश्वर मेहता, रामविनय ठाकुर, निरंजन चौधरी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। SDO से लिखित शिकायत करने वालों में मुख्य रूप से विधायक नरेश प्रसाद सिंह, प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार सिंह, विद्यालय प्रबंधन अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, मुखिया आरती कुमारी, BDC किरण देवी और 210 ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त आवेदन थे।




