Dumka : दीवाली से ठीक पहले झारखंड की उपराजधानी दुमका में पटाखा माफियाओं पर प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। बुधवार देर शाम SDM कौशल कुमार की अगुवाई में चली इस कार्रवाई में लाखों रुपये के अवैध पटाखे जब्त किये गये, जबकि कई दुकानों और गोदामों को सील कर दिया गया।
खिलौनों की आड़ में पटाखा कारोबार
छापेमारी की शुरुआत शहर की भीड़भाड़ वाली सनसाइन गली से हुई, जहां कई दुकानों में खिलौनों की आड़ में भारी मात्रा में पटाखे स्टॉक किये गये थे। दुकानदारों के पास ना कोई लाइसेंस था, ना कोई सुरक्षा इंतजाम। पूछने पर साफ कहा “लाइसेंस बनवाया ही नहीं है।” इसके बाद टीम धर्मशाला रोड पहुंची, जहां एक बंद दुकान के शटर के पीछे पटाखों का बड़ा जखीरा छुपा मिला। दुकान के ऊपर बने गोदाम में भी बड़ी संख्या में अवैध पटाखे मिले। SDM कौशल कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पटाखा बिक्री के लिए प्रशासन ने सिर्फ यज्ञ मैदान और गांधी मैदान को निर्धारित किया है। इसके अलावा कहीं भी पटाखे बेचना गैरकानूनी और खतरनाक है।उन्होंने साफ कहा “रिहायशी और बाजार क्षेत्र में इस तरह से पटाखों का अवैध कारोबार किसी बड़े हादसे को न्योता देना है। जो लोग पकड़े गये हैं उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जायेगा।








