Hazaribagh : हजारीबाग के चरही घाटी में एक गाड़ी का भयानक एक्सीडेंट हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं 5 बुरी तरह घायल हुई हैं। मृतकों में संजू देवी, अंश देवी और सोनी देवी शामिल हैं। अंश देवी गुमला की तो संजू और सोनी देवी रांची ITI की रहनेवाली थी। वहीं घायलों के नाम पुनीता देवी, असिता देवी, उमा देवी, रंजू देवी और ज्योति देवी बताये गये। ये लोग भी रांची और आसपास के रहनेवाली हैं। सभी एक ही परिवार की हैं।
जानकारी के मुताबिक भाड़े की गाड़ी लेकर ये लोग 8 फरवरी की सुबह महाकुंभ नहाने के लिए निकले थे। 9 फरवरी को स्नान के बाद वापस लौट रहे थे। रास्ते में हजारीबाग के चरही घाटी के पास यह हादसा हो गया। एक्सीडेंट इतना खतरनाक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गये। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायलों का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है। जिनकी हालत गंभीर है उन्हें रेफर करने की बात कही गई है।






