Ranchi : भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की मुहिम में ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। चैनपुर थाना मामले में नाम उछलने के बाद फरार चल रहे पूर्व SI अशोक कुमार को गुमला से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पूछताछ के लिए रांची लाया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
करीब एक महीने पहले ACB ने चैनपुर थाना के तत्कालीन प्रभारी शैलेश कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। शैलेश ने महज तीन दिन पहले ही थाना प्रभारी का पद संभाला था। जांच के दौरान तत्कालीन प्रभार में तैनात SI अशोक कुमार की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई। प्रारंभिक जांच में संलिप्तता के संकेत मिलने के बाद ACB ने उनकी तलाश तेज कर दी थी। गिरफ्तारी की आशंका के बीच अशोक कुमार लगभग एक महीने से फरार बताये जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर ACB टीम ने गुमला में छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप है।










