New Delhi : रिश्ते बचाने के लिए बुलाई गई बातचीत की बैठक कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गई। राजधानी दिल्ली के निहाल विहार स्थित लक्ष्मी पार्क में 31 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय कुमार गुप्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिवार ने हत्या का आरोप विनय के ससुराल वालों पर लगाया है। घरवालों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पत्नी के परिवार के छह लोग विवाद सुलझाने के लिए घर पहुंचे थे। उस वक्त विनय, उसकी पत्नी और अन्य लोग कमरे में मौजूद थे। विनय की मां जैसे ही मेहमानों के लिए पानी-नाश्ता लेने बाहर गईं, कमरे के भीतर मारपीट शुरू हो गई। मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन तब तक विनय गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
नोएडा में इंजीनियर, चार साल पहले हुई थी शादी
विनय नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। चार साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो जुड़वा बच्चे हैं। परिवार का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसे बातचीत से सुलझाने की कोशिश की जा रही थी। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाये। विनय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पत्नी, उसके दो भाइयों समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।








