Latehar : जंगल की खामोशी में चल रही हाथीदांत तस्करी पर पलामू टाइगर रिजर्व प्रशासन ने करारा प्रहार किया है। वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो और वन विभाग की साझा कार्रवाई में बीती देर रात एक तस्कर को रंगे हाथ दबोच लिया गया। गिरफ्तार सचिन कुमार गुप्ता पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र के बारेसांड़ का रहनेवाला है। उसके पास से हाथी के दो दांत बरामद किये गये हैं। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सुरकुमी इलाके में हाथीदांत की अवैध तस्करी की जा रही है। इसी इनपुट पर गारू थाना क्षेत्र के मिर्चियां गांव के पास घेराबंदी की गई। संदिग्ध को रोका गया, तलाशी ली गई और हाथीदांत मिलने के बाद तत्काल गिरफ्तारी कर ली गई। पलामू टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर कुमार आशीष ने मीडिया को बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि जंगल और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।![]()













