Hazaribagh : रात का अंधेरा था, सड़क पर सन्नाटा पसरा था और एक मासूम बच्चा पेट्रोल पंप के पास अकेला भटक रहा था। न उसे अपने घर का पता बता पा रहा था और न ही परिजनों के बारे में कुछ समझा पा रहा था। ऐसे में कटकमसांडी के थानेदार की तत्परता ने एक बिछड़े बच्चे को उसके परिवार से मिलाने में अहम भूमिका निभाई। बीते 12 नवंबर की रात कटकमसांडी थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पास बच्चा अकेले घूमता हुआ मिला। थानेदार ने उसे सुरक्षित थाने पहुंचाया। पुलिस ने बच्चे से उसके घर और परिजनों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ भी बता पाने में असमर्थ था। बच्चे के परिजनों का पता लगाने के लिये थानेदार ने एक पहल की। बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई। इस कोशिश से पता चला कि बच्चा चतरा के इटखोरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और भटकते हुये कटकमसांडी पहुंच गया था। इसके बाद इटखोरी थाना से संपर्क कर बच्चे के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन कटकमसांडी थाना पहुंचे। पुलिस ने बच्चे को पूरी तरह सुरक्षित उनके हवाले कर दिया। बच्चे को देखते ही परिजनों की चिंता दूर हुई और परिवार ने राहत की सांस ली।









