Ranchi : रांची के लालपुर इलाके में शनिवार रात एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक मोड़ ले लिया। लोअर वर्द्धमान कम्पाउंड, धोबी घाट के पास टहलने निकले बुज़ुर्ग मधेश्वर सिंह पर पड़ोसियों ने बेरहमी से हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना बीते 31 जनवरी की रात करीब 8 बजे की है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के ही रहने वाले अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान मुन्ना कच्छप भी अपने बेटों के साथ मारपीट में शामिल हो गया। लगातार हमले से मधेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये और उनकी जान चली गई। घटना के बाद लालपुर थाना में कांड संख्या 21/26 (दिनांक 01.02.26) दर्ज की गई। पुलिस ने BNS 2023 की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर तुरंत छापामारी टीम बनाई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में अमन कच्छप उर्फ अमन उरांव, अनिकेत कच्छप और मुन्ना कच्छप शामिल है। तीनों आरोपी लोवर वर्द्धमान कम्पाउंड, झीपा कोचा टोला, थाना लालपुर के रहने वाले हैं।












