Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में टिकट वितरण को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। खासकर अति पिछड़ा वर्ग (EBC) प्रकोष्ठ में भारी नाराजगी देखने को मिली है। इसी कड़ी में पार्टी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ से जुड़े करीब 50 नेताओं ने टिकट बंटवारे में उपेक्षा और पक्षपात का आरोप लगाते हुये सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में प्रदेश महासचिव भोला सहनी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कुमार गौरव, प्रधान महासचिव गोपाल लाल देव, जिला महासचिव श्याम सुंदर कामत, प्रदेश सचिव सुशील सहनी सहित कई जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फूटा नेताओं का गुस्सा
दरभंगा में आयोजित प्रेस वार्ता में नाराज़ नेताओं ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाये। राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कुमार गौरव ने कहा “अति पिछड़ा समाज ने वर्षों तक राजद के लिए काम किया, लेकिन टिकट बंटवारे में इस वर्ग को नजरअंदाज कर दिया गया। पार्टी में अब विचारधारा नहीं, बल्कि चापलूसी और आर्थिक प्रभाव का राज है।” वहीं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव भोला सहनी ने कहा, “समर्पित और ईमानदार कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट चुका है। अब हम सम्मानजनक राजनीति करेंगे, अपमानजनक समझौते नहीं।”












