Ramgarh : पंखे भले ही टूटे हों, लेकिन जिम्मेदारी की हवा आज तेज चली। रामगढ़ पुलिस कप्तान अजय कुमार की अध्यक्षता में पुलिस सभा ने एक नई मिसाल गढ़ी। पुलिस केंद्र का सभागार आज संवेदनाओं का चौपाल बन गया, जहां जवानों की आवाज को सुना भी गया और समझा भी गया। एक-एक कर वर्दीधारियों ने अपने मन की गांठें खोलीं, स्वास्थ्य बीमा योजना की पेचीदगियां, आवासन और पीने के पानी की सुविधाएं, बैरक के टूटे पंखे और बंद पड़े सोलर सिस्टम, मेस में रोटी मेकर, कुर्सी-टेबल की जरूरत और सबसे भावुक क्षण था घायल चतुर्थवर्गीय कर्मी पिन्टु राम के इलाज में मदद की पुकार।
SP अजय कुमार ने सभा में ही तुरंत सभी थानों में पेयजल और प्रकाश की व्यवस्था के निर्देश दिये। बैरकों के पंखे तुरंत मरम्मत कराने का आदेश दिया। सौर ऊर्जा प्रणाली फिर से चालू कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। लेखापाल को टी.ए. भुगतान में देरी न करने की सक्त हिदायत दी, वहीं मेस के उपकरणों की जरूरतों पर समुचित कार्रवाई का वादा किया। जब पिंटु राम की दुर्घटना की बात आई, तो यह एक परिवार का दर्द बन गया। SP अजय कुमार खुद रांची के सैमफोर्ड अस्पताल पहुंचे, घायलकर्मी से मुलाकात कर डॉक्टरों से बात की और परिजनों का हाथ थामकर भरोसा दिलाया “हम आपके साथ हैं।” इससे पहले सभा का अंत एक प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ, SP ने कहा, “मुस्तैदी से ड्यूटी करो, जनता से विनम्रता से पेश आओ, अपने शरीर और मन का ध्यान रखो और जब भी कोई परेशानी हो, पीछे मत हटो सीधे मुझसे कहो।”












