UP : यूपी में दीपावली की रौनक अब दफ्तरों तक पहुंच गई है। CM योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिये खुशियों का दीप जला दिया है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिये कर्मचारियों को उत्पादकता असम्बद्ध बोनस देने का ऐलान किया। CM योगी ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और अनुशासन के प्रति सरकार की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रदेश की तरक्की की असली धुरी वही लोग हैं,
जो हर परिस्थिति में जनता की सेवा और शासन के सुचारु संचालन में अपना योगदान दे रहे हैं। वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, बोनस की गणना मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 पर की जायेगी। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का बोनस मिलेगा। यह लाभ लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारियों को मिलेगा। सरकार को इसके लिये ₹1,022 करोड़ रुपये का व्यय उठाना होगा। CM ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि “दीपावली से पहले हर पात्र कर्मचारी को बोनस का भुगतान सुनिश्चित किया जाये।”ताकि हर घर में उत्सव की रौशनी बिना किसी आर्थिक चिंता के जगमगाये। इस योजना के तहत बोनस का लाभ लेवल-8 (₹47,600-₹1,51,100) तक के पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को एवं स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को मिलेगा।
14.82 लाख कर्मचारियों को मिलेगा दिवाली बोनस
Date:








