Kohramlive : भारत और जापान के बीच आज खेले गये रोमांचक मुकाबले में सिर्फ 2 रन से मिली जीत ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक और सुनहरा पन्ना जोड़ दिया। टीम इंडिया ने जापान को शिकस्त देकर टी20 क्रिकेट में अपनी 200वीं जीत दर्ज कर ली। खास बात यह है कि भारत अंतरराष्ट्रीय या फ्रेंचाइजी क्रिकेट को मिलाकर 200 टी20 मुकाबले जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। भारतीय टीम की एक और खास उपलब्धि यह है कि उसने अब तक 20 अलग-अलग टीमों के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं और सभी के खिलाफ कम से कम एक जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत का एक और आंकड़ा छू लिया है। 200 जीत का यह सफर भारतीय क्रिकेट की निरंतरता और लंबे समय से चली आ रही टी20 सफलता की कहानी भी कहता है। जापान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम अब 28 सितंबर को एक्शन में नजर आयेगी। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टर फाइनल में अपना मुकाबला खेलेगी।
बारिश ने घटाये ओवर, मुकाबला बना सांस रोक देने वाला
बारिश के कारण मुकाबले को महज 5-5 ओवर प्रति पारी का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 5 ओवर में 4 विकेट खोकर 32 रन बनाये। छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम ने भी आखिरी गेंद तक मुकाबले को जिंदा रखा। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाये रखा और जापान को 5 ओवर में 3 विकेट पर 30 रन तक ही रोक दिया। आखिरकार भारत ने मुकाबला 2 रन से अपने नाम कर लिया। भारत ने अब तक 291 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इनमें 194 मुकाबले सीधे जीतने के अलावा 6 जीत सुपर ओवर के जरिये दर्ज की गई हैं। इस तरह भारत की टी20 इंटरनेशनल जीतों की संख्या 200 तक पहुंच गई। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत के मामले में पाकिस्तान दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान ने 303 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 176 जीत दर्ज की हैं।
| टीम | मैच | जीत | हार | टाई | बेनतीजा |
|---|---|---|---|---|---|
| 🇮🇳 भारत | 291 | 200 | 81 | 1 | 9 |
| 🇵🇰 पाकिस्तान | 303 | 176 | 115 | 4 | 8 |
| 🏴 समरसेट | 317 | 174 | 131 | 3 | 9 |
| 🏴 लंकाशायर | 288 | 166 | 108 | 9 | 5 |
| 🇮🇳 मुंबई इंडियंस | 313 | 166 | 141 | 4 | 2 |





