Chouparan(Krishna Paswan) : बारिश के मौसम में कमलवार चौक से अंबाजीत जाने वाला मुख्य मार्ग ग्रामीणों के लिये परेशानी का सबब बन गया है। सड़क की बदहाली ने अब इसे रास्ते की जगह कीचड़ भरे दलदल में बदल दिया है। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पाण्डेयबारा पंचायत अंतर्गत आने वाले इस मार्ग के शुरुआती हिस्से की स्थिति सबसे खराब है। आलम यह है कि राहगीरों का फिसलकर कीचड़ में गिरना आम हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और बाइक सवार सबसे अधिक परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर सड़क कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
‘सिर्फ आश्वासन मिला, समाधान नहीं’
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग जनप्रतिनिधियों के सामने रखी जा रही है, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल सड़क पर डस्ट डालकर आवागमन को सुचारु किया जाये और जल्द से जल्द स्थायी निर्माण कार्य शुरू कराया जाये। सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पाण्डेयबारा पंचायत की मुखिया रेखा देवी से मिला। ग्रामीणों की मांग पर मुखिया ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण उनके फंड से नहीं होना है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान विधायक की अनुशंसा पर सड़क निर्माण के लिये टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब केवल कार्य शुरू होना बाकी है।
ग्राम सभा में रखा जायेगा प्रस्ताव
सड़क पर तत्काल डस्ट डलवाने की ग्रामीणों की मांग पर मुखिया ने कहा कि इसके लिये पंचायत फंड में प्रावधान नहीं है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी ग्राम सभा में इस मुद्दे को रखा जायेगा। यदि मनरेगा योजना के तहत कार्य संभव हुआ तो प्रस्ताव पारित कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने ग्रामीणों से कुछ दिनों तक धैर्य बनाये रखने की अपील की और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर शौकत अंसारी, मुजाहिदुल इस्लाम, मुकेश यादव, मो. मेंहदी हसन, अंजन सिंह, आबिद हुसैन, सफीक अंसारी, कलीम अंसारी, कौशर अंसारी, अकरम अंसारी, मुशर्रफ अंसारी, शाकिर अंसारी, नासिर हुसैन, अनीश अंसारी, फर्जुल अंसारी, मुख्तार अंसारी, शाजिद अंसारी, अशफाक अंसारी, शाहरुख खान, सकीम अंसारी, वाहिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।







