Ranchi : झारखंड में बिजली व्यवस्था को मजबूत, आधुनिक और भरोसेमंद बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। CM हेमंत सोरेन ने ऊर्जा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राज्य के हर घर तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के लिये ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये। CM हेमंत सोरेन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के उपायुक्तों से संवाद कर बिजली आपूर्ति, पावर ग्रिड निर्माण और उपभोक्ताओं की समस्याओं की समीक्षा की।
हर पात्र उपभोक्ता को मिले 200 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ
CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी पात्र उपभोक्ताओं को 200 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना का लाभ हर हाल में मिले। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का फायदा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन, लाभुकों की पहचान और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिये प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाने को कहा।
24 घंटे में बदले जायेंगे जले ट्रांसफार्मर
CM हेमंत सोरेन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य में 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। बिजली कटौती और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिये त्वरित व्यवस्था विकसित करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिया कि कहीं ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में 24 घंटे के भीतर उसे बदला जाये, ताकि आम लोगों को लंबे समय तक परेशानी न झेलनी पड़े।
रांची में बनेंगे तीन स्मार्ट ग्रिड
राजधानी रांची की विद्युत व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिये तीन नये स्मार्ट ग्रिड स्थापित किये जायेंगे। ये स्मार्ट ग्रिड कुसई कॉलोनी, बरियातू, इटकी में बनाये जायेंगे। अधिकारियों के अनुसार, स्मार्ट ग्रिड से बिजली वितरण प्रणाली आधुनिक होगी, आपूर्ति की निगरानी बेहतर होगी और तकनीकी खराबियों का समाधान तेजी से किया जा सकेगा। CM हेमंत सोरेन ने झारखंड में ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिये जलविद्युत और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को गति देने का निर्देश दिया। उन्होंने हुंडरू, जोन्हा सहित राज्य के प्रमुख जलप्रपातों और जल संसाधनों से जलविद्युत उत्पादन की संभावनाएं तलाशने को कहा। साथ ही जलाशयों में फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं और भवनों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम को बढ़ावा देने के निर्देश दिये। बैठक में सिकिदिरी जलविद्युत परियोजना की क्षमता बढ़ाने और आधुनिकीकरण पर भी चर्चा हुई। CM हेमंत सोरेन ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से कम संसाधनों में अधिक बिजली उत्पादन की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा।
AI से होगी बिजली व्यवस्था की निगरानी
ऊर्जा क्षेत्र में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देते हुये CM हेमंत सोरेन ने AI आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिये। इससे बिजली आपूर्ति, शिकायतों और परियोजनाओं की निगरानी को और प्रभावी बनाया जायेगा। वहीं, स्मार्ट मीटरिंग अभियान को तेज करने का भी निर्देश दिया गया।
ऊर्जा विभाग में रिक्त पदों पर जल्द होगी नियुक्ति
CM हेमंत सोरेन ने ऊर्जा विभाग और इससे जुड़े संस्थानों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। प्रथम चरण में 35 प्रतिशत रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य संस्थानों की बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुये CM हेमंत सोरेन ने सभी प्रमुख अस्पतालों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति और ड्यूल लाइन व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बिजली की निर्बाध उपलब्धता मरीजों की सुरक्षा और बेहतर इलाज के लिये बेहद जरूरी है। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र राज्य के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास की रीढ़ है। बिजली उत्पादन, संचरण और वितरण व्यवस्था को आधुनिक बनाकर झारखंड को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जायेगा।







