Kohramlive : कांग्रेस नेता मेहताब सिंह गुर्जर की भीड़-भाड़ वाले बाजार में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मेहताब को 8 गोलियां सीने, सिर और पेट में लगी, जिससे वे मौके पर ही मारे गये। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुये फरार हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV को खंगाल रहे थे। हत्यारों को खोज निकालने के मकसद से पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी गई थी। आशंका जताई गई है कि पुरानी रंजिश के चलते इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। मारे गये मेहताब सिंह गुर्जर धौलपुर के मनिया थाना क्षेत्र के मांगरोल गांव के कांग्रेस मंडल अध्यक्ष थे। वे विधायक के करीबी नेता माने जाते हैं। खबर लिखे जाने तक हत्यारों का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिल पाया था।
घटना को लेकर अबतक जो बातें सामने आई है, उसके अनुसार मांगरोल गांव में रहनेवाले मेहताब सिंह गुर्जर शुक्रवार की शाम मनिया थाना क्षेत्र में टेंट का सामान लेने गये थे। वे पटवार घर के उद्घाटन की तैयारी में जुटे थे। शनिवार को मांगरोल गांव में क्षेत्रीय विधायक रोहित बोहरा द्वारा पटवार घर का उद्घाटन किया जाना था। भरे बाजार में पहुंचे बदमाशों ने मेहताब पर अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू दिया। उन्हें करीब 8 गोलियां लगी। मौके पर ही उनकी जान निकल गई।










