Bihar : एक वीडियो कॉल ने जिस रिश्ते में शक और विवाद की शुरुआत की, उसने आखिरकार एक परिवार की दुनिया ही उजाड़ दी। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मानिकचक थाना क्षेत्र से सामने आई घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है। इल्जाम है कि पति को वीडियो कॉल पर किसी दूसरी युवती से अंतरंग बातचीत करते देख पत्नी ने विरोध किया। गुस्से में उसने पति का मोबाइल फोन तोड़ दिया। इसके बाद पति और उसके परिजनों ने महिला के साथ बर्बरता की हद पार कर दी। महिला के हाथ-पैर घर के बांस के खंभे से बांधे गये और उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी गई।
कई दिनों तक मौत से लड़ती रही जिंदगी
खौफनाक घटना कुछ दिन पहले की बताई जा रही है। बेतरह झुलसी 20 साल की चुन्नी खातून को इलाज के लिये मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां बर्न यूनिट में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही चुन्नी ने आखिरकार शनिवार को दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, चुन्नी खातून मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के बैरिया इलाके की रहने वाली थी। करीब एक साल पहले उसकी शादी मानिकचक निवासी छोटे व्यवसायी सामीउल शेख से हुई थी।परिजनों के मुताबिक, शादी के शुरुआती महीने सामान्य रहे, लेकिन पिछले करीब तीन महीनों से पति का किसी दूसरी युवती से संबंध होने की बात सामने आने लगी। पति के मोबाइल पर आने वाली वीडियो कॉल को लेकर दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान चुन्नी ने पति का मोबाइल फोन तोड़ दिया। इसके बाद पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर के बांस के खंभे से बांध दिया। इसके बाद केरोसिन डालकर आग लगाने का आरोप है। चुन्नी की मौत के बाद उसके मायके वालों की शिकायत पर मानिकचक थाने में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में पति सामीउल शेख, देवर आनेस शेख, ननद चमेली बीबी एवं सास दिलनूर बीबी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद से चारों नामजद आरोपियों के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।















