UP : बृज की नगरी मथुरा का सराफा बाजार इन दिनों चिंता से घिरा है। चौक बाजार की गलियों में जहां कभी चांदी की छन-छन गूंजती थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। वजह, चांदी की कीमतों में बेतहाशा उछाल और उसी के बीच 2300 किलो चांदी लेकर व्यापारियों का गायब हो जाना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 करोड़ रुपये आंकी गई है। सराफा बाजार में भरोसे का ऐसा संकट खड़ा हुआ है कि लेनदेन नाममात्र का रह गया है। दो व्यापारियों के 1500 किलो चांदी लेकर गायब होने और एक अन्य के यहां से 800 किलो चांदी के गबन की खबरों ने पूरे बाजार की नींद उड़ा दी है। इसके बाद कुछ और कारोबारी भी सामने आये हैं, जिनकी चांदी बाजार से जुड़े ही व्यापारियों के पास फंसी हुई है, न चांदी लौट रही है, न रकम। शादी-ब्याह का मौसम होने के बावजूद बाजार में मंदी छाई है। कारोबारी कहते हैं कि अब चांदी देना जोखिम बन गया है। माल तैयार नहीं हो पा रहा, और जो है, वह बिक नहीं रहा।








