Ranchi : राजनीति की बिसात पर बिहार की गूंज अब झारखंड तक पहुंच रही है। जयप्रकाश जनता दल के राष्ट्रीय सचिव पंकज मिश्र ने चुनाव आयोग पर तीखा वार करते हुये कहा कि “बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर 68 लाख लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया। लोकतंत्र का यह सबसे बड़ा अपमान है।” उन्होंने सवाल उठाया कि इतने लोगों का नाम काटने के बाद भी आयोग यह नहीं बता पाया कि इनमें कितने विदेशी हैं। “जब जवाब नहीं है, तो शक वाजिब है।
पंकज मिश्र ने कहा कि जिस तरह बिहार में वोटरों के अधिकार छीने गये, वैसा ही खेल झारखंड में भी हो सकता है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस दिशा में विशेष सतर्कता बरते, क्योंकि यहां की जनता अपने अधिकारों के प्रति अब और ज्यादा जागरूक है। पंकज मिश्र ने कहा कि बिहार की जनता NDA के भ्रष्ट शासन से थक चुकी है, जबकि विपक्ष पर भी भरोसा नहीं रह गया है। ऐसे में जनता तीसरे विकल्प की तलाश में है और वही विकल्प है जयप्रकाश जनता दल। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने सभी सीटों पर तैयारी शुरू कर दी है। “हमारा लक्ष्य सत्ता नहीं, बल्कि समतामूलक समाज है। पंकज मिश्र ने आगे कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही हमारा संकल्प है। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल किसी दल से बातचीत नहीं हुई है, लेकिन जनता की आकांक्षाओं को देखते हुये जनहित में गठबंधन का द्वार खुला है। अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज सहाय लेंगे।








