Latehar : रात की चुप्पी में कुछ हथियारदार साये चिरो मोड़ पर जमा थे। इरादे खौफ के, और आंखों में रंगदारी की चमक। लेकिन किस्मत ने उनका चेहरा नहीं, हथकड़ी दिखा दी। राहुल सिंह गिरोह के छह गुर्गों को पुलिस ने दबोच लिया है। इन अपराधियों के पास से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल, मोटरसाइकिल, स्कूटी और नकद बरामद हुए हैं। इन पर 10 जून को रंगदारी के लिए गोली चलाने का आरोप है, जिसमें कंटेनर को निशाना बनाया गया था। SP कुमार गौरव ने बताया, “गुप्त सूचना थी कि ये लोग फिर से लूट और दहशत फैलाने की तैयारी में हैं।” सूचना की पुष्टि होते ही SDPO अरविंद कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल बना और टीम ने सटीक कार्रवाई करते हुए गिरोह को घेर लिया। गिरफ्तार अपराधियों में लोहरदगा, गुमला और चंदवा के युवक शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक और बड़ा नाम मनोज तुरी को भी गिरफ्तार किया, जो पहले से छह आपराधिक मामलों में वांछित था।










