UP : शनिवार सुबह कांधला पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान 1 लाख रुपये का इनामी और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर नफीस मारा गया। नफीस के खिलाफ लूट, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर एक्ट और नकली करेंसी समेत 34 संगीन केस दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक, कांधला थाना क्षेत्र के गांव भभीसा के जंगल में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गये बदमाश की पहचान मोहल्ला खेल, कांधला निवासी नफीस के रूप में हुई है।
उसके पास से .32 बोर की पिस्टल, .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और बाइक बरामद हुई। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। मुठभेड़ के दौरान थानेदार सतीश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित हैं। SP एनपी सिंह ने बताया कि नफीस तीन संगीन मामलों में वांछित था और थाने का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर था। यह एनकाउंटर यूपी के शामली में हुआ। शामली पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मानी जा रही है।






